साइकिल रैली में शामिल युवक। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : HARDOI
हरदोई। आने वाली पीढ़ी के भविष्य के लिए पेट्रोलियम पदार्थों का संरक्षण जरूरी है। पेट्रोलियम संरक्षण अनुसंधान संघ और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को आयोजित साइकिल रैली को रवाना करते हुए मिश्रिख सांसद अशोक रावत ने ये बात कही।
उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थ प्रकृति का बहुमूल्य उपहार है। इसकी उपलब्धता भी सीमित है। खुद भी इस तरफ जागरूक हों और दूसरों को इसके प्रति सतर्क करें।
इंडियन ऑयल कार्पोरेशन लिमिटेड के महाप्रबंधक गिरीश जैन ने रैली में शामिल लोगों को ईंधन बचाने की शपथ दिलाई। अपर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने पेट्रोलियम पदार्थों की खपत कम करने की अपील की। कहा कि इससे प्राकृतिक संतुलन बना रहेगा। इंडियन ऑयल कार्पोरेशन लिमिटेड के क्षेत्रीय प्रबंधक जमाल सैफ ने बताया कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशन में पेट्रोलियम संरक्षण अनुसंधान संघ के तत्वावधान में 15 फरवरी तक ऊर्जा संरक्षण के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। साइकिल रैली में स्कूली बच्चों ने प्रतिभाग किया। इस मौके पर इंडियन ऑयल डीलर्स पीके वर्मा, कपिल गुप्ता, संतोष शुक्ला, विनय सिंह, आलोक गुप्ता, आशुतोष शर्मा मौजूद रहे।