डीएम अविनाश कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को शहर कोतवाली में थाना दिवस का आयोजन किया गया। डीएम ने शिकायतें सुन उनका निस्तारण कराया। कहा कि हर शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और उसका गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण कराया जाए।
डीएम अविनाश कुमार ने कहा कि जन सुनवाई में सबसे अधिक शिकायतें भूमि व जल निकासी संबंधी विवादों की आती हैं। ऐसे प्रकरण संज्ञान में आने पर पुलिस व राजस्व टीम सामंजस्य बनाकर काम करें। थाना दिवस में दर्ज की जाने वाली शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करने के साथ ही उनकी क्रॉस चेकिंग भी की जाएगी।
लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं हरपालपुर प्रतिनिधि के अनुसार कोतवाली में आयोजित हुए थाना दिवस में एसडीएम सवायजपुर दीपक वर्मा ने शिकायतें सुनीं। यहां 11 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें आठ का निस्तारण किया गया। यहां कोतवाल शैलेंद्र श्रीवास्तव मौजूद रहे।
वहीं अरवल थाने में एसओ ओम प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुए थाना दिवस में कुल 12 शिकायतें दर्ज की गईं, जिसमें पांच का निस्तारण किया गया। संडीला कोतवाली में अध्यक्षता एसडीएम मनोज कुमार श्रीवास्तव ने की।
बिलग्राम कोतवाली में एसडीएम कपिलदेव यादव, सीओ चकबंदी एसपी सिंह सचान व कोतवाल सुनील सिंह ने शिकायतें सुनीं। यहां 16 में छह शिकायतों का निस्तारण किया गया।
टड़ियावां थाने पर सीओ हरियावां एसआर कुशवाहा, नायब तहसीलदार ज्योती वर्मा व एसओ संत प्रसाद उपाध्याय ने शिकायतें सुनीं। यहां आठ शिकायतों का निस्तारण किया गया। बावन में लोनार कोतवाली में सीओ विजयेंद्र द्विवेदी ने शिकायतें सुनीं। यहां चार शिकायतें का निस्तारण कराया गया।
मल्लावां प्रतिनिधि के अनुसार कोतवाल ज्ञानेंद्र सिंह व अन्य अधिकारियों ने 17 में से सात शिकायतें निस्तारित कीं। सहायक चकबंदी कार्यालय राघौपुर के लेखपाल बल्देव ड्यूटी लगाए जाने के बाद भी थाना दिवस में अनुपस्थित रहे।
कोतवाल ने बताया कि इसकी जानकारी अधिकारियों को दी गई है। बेहटागोकुल थाना परिसर में शनिवार को आयोजित हुए थाना दिवस में तहसीलदार अवधेश प्रताप ने शिकायतें सुन उनका निस्तारण कराया। सात शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।