हरदोई। ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) की मनमानी से केयर-टेकर, पंचायत सहायक और प्रधान परेशान हैं।
वीडीओ के गांव न आने से ग्रामीणों के भी काम नहीं हो पा रहे हैं। पशु आश्रयस्थल के केयर-टेकर ने मानदेय न मिलने से परिवार के पालन-पोषण की दिक्कतों की जानकारी डीएम को दी। डीएम एमपी सिंह ने वीडीओ की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जाहिर की। मल्लावां बीडीओ को केयर-टेकर के भुगतान और जिला विकास अधिकारी को कार्रवाई की जिम्मेदारी सौंपी है।
विकास खंड मल्लावां की ग्राम पंचायत दारापुर में कल्पना पत्नी प्रदीप नारायण प्रधान हैं। वहां पर सचिव के पद पर वीडीओ धवलचंद्र तैनात हैं। प्रधान कल्पना, पशु आश्रयस्थल के केयर-टेकर रामरतन, सामुदायिक शौचालय की केयर-टेकर रागिनी और पंचायत सहायक निधि के मानदेय का कई माह से भुगतान नहीं हुआ है। डीएम को दिए शिकायती पत्र में इन लोगों ने बताया कि वीडीओ धवलचंद्र पंचायत सचिवालय पर आते ही नहीं है। इससे पंचायत के काम बाधित हैं। बीडीओ और एडीओ को भी जानकारी दी गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। वीडीओ के न आने से पशु आश्रयस्थल के संचालन में भी दिक्कतें आ रही हैं।
डीएम ने इस पर नाराजगी जाहिर की। मल्लावां बीडीओ से वर्चुअल संवाद किया गया। निर्देश दिए गए कि वीडीओ का गैरहाजिरी अवधि का वेतन काटा जाए। निलंबन की संस्तुति की जाए। केयर-टेकर के मानदेय का भुगतान कराएं। डीडीओ को निर्देश दिए कि वीडीओ के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करते हुए आख्या प्राप्त कराएं।