हरदोई। जलभराव से बचाव और पानी निकासी के लिए बरसात से पहले इंतजाम की नगरीय निकाय ने कवायद शुरू की है। शहर में जलभराव न हो और बरसात में पानी का निकास सुचारु बनाने के काम पर करीब 39 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
बरसात में होने वाले जलभराव से बचने और सुचारु पानी निकास के इंतजाम किए जाने के लिए नगर पालिका ने नाला-नालियों की साफ-सफाई का ठेका दिया है। ठेके से कराए जाने वाले काम पर करीब 39 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। शहर में सात बड़े और 16 मझोले नालों समेत 52 नाले-नालियां हैं। इनकी लंबाई करीब 53 किलोमीटर है।
सभी नाले-नालियों की साफ-सफाई 15 जून तक कराए जाने के लिए ठेका दिया गया है। इसमें नालों की सफाई मशीनों से कराया जाना भी शामिल है। निकाय की कवायद तो अच्छी है, लेकिन ठेकेदार के काम का परिणाम तो बरसात में सामने आएगा। लोगों को जलभराव से राहत मिलेगी या फिर पिछले वर्षों की भांति समस्या से दो-चार होना पड़ेगा।
शहर के नाले-नालियों की बरसात से पहले साफ-सफाई कराए जाने के लिए ठेका दे दिया गया है। 15 जून तक सभी नाले-नालियों की सफाई कराने की समय सीमा तय की गई है। कराए गए काम की निगरानी भी कराई जाएगी और गुणवत्ता भी देखी जाएगी। काम में गड़बड़ी पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। -रामेंद्र सिंह, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका