फोटो-23- एसडीएम को ज्ञापन सौंपते अधिवक्ता। संवाद
- फोटो : HARDOI
कोतवाली क्षेत्र में बरौनी क्रासिंग के पास श्रमिक स्पेशल ट्रेन में श्रमिकों को खाना बांटने को लेकर आसपास के लोगों पर मुकदमा दर्ज किए जाने पर अधिवक्ताओं ने नाराजगी जताई है।
वकीलों ने नई तहसील में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ धरना दिया। एसडीएम मनोज कुमार सागर को ज्ञापन सौंपकर मुकदमा वापस लेने की मांग की।
एसडीएम को सौंपे गए ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने कहा कि 24 मई को संडीला की बरौनी क्रासिंग पर श्रमिक स्पेशल ट्रेन रुकी थी।
आस पास के मोहल्लों के लोग आए और मानवीय दृष्टिकोण से उन लोगों को फल, पानी और भोजन वितरित किया।
इस सामाजिक कार्य को प्रशासन ने अनुचित मानते हुए श्रमिकों को भोजन और पानी बांटने वाले 12 नामजद और 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करा दिया। प्रशासन का आरोप है कि भोजन बांटते वक्त लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान नहीं रखा।
अधिवक्ताओं ने कहा कि इन लोगों के अलावा सत्तादल से जुड़े व अन्य संगठनों के लोग भी बिना एहतियात जरूरतमंदों को निरंतर भोजन वितरित कर रहे हैं। आमजन पर दर्ज किए गए मुकदमे को वापस लिया जाए।