हरदोई। टड़ियावां क्षेत्र पंचायत में कराए गए विकास कार्यों को लेकर ब्लाक के जिम्मेदारों पर शिकंजा कसता जा रहा है। पूरे मामले का खास पहलू यह है कि भाजपा नेता पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल ने भी टड़ियावां क्षेत्र पंचायत में गलत ढंग से दो करोड़ रुपये से अधिक के कार्य कराने की शिकायत ग्राम्य विकास विभाग मंत्री से की है। पूर्व सांसद की शिकायत पर ही शासन से टीएसी (टेक्निकल ऑडिट कमेटी) की जांच के आदेश हुए हैं।
राज्यसभा के पूर्व सदस्य भाजपा नेता नरेश अग्रवाल और सदर विधायक पूर्व मंत्री नितिन अग्रवाल ने आठ जून को ग्राम्य विकास मंत्री से लिखित शिकायत टड़ियावां क्षेत्र पंचायत के कार्यों को लेकर की थी। पत्र में दोनों नेताओं ने आरोप लगाए थे कि टड़ियावां विकास खंड में क्षेत्र पंचायत ने भी और राज्यवित्त के कार्य बिना वैधानिक स्वीकृति के ही करा दिए गए। दोनों नेताओं ने विकास कार्यों में लगभग दो करोड़ रुपये के गबन की आशंका भी पत्र में जताई थी। अब पूरे मामले पर आठ जुलाई को शासन के उप सचिव रमेश चंद्र मिश्र ने ग्राम्य विकास आयुक्त को पत्र भेजकर ग्राम्य विकास विभाग की मुख्यालय पर गठित टीएसी से जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कार्यवाही करने को कहा है।
उधर दूसरी ओर बीती दो जून को सदर विधायक पूर्व मंत्री नितिन अग्रवाल द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की गई शिकायत में जनपद स्तर पर टीम गठित करने के बाद अब टीएसी भी गठित कर दी गई है। लखनऊ के मंडलायुक्त के निर्देश पर लखनऊ मंडल के संयुक्त विकास आयुक्त श्रीकृष्ण त्रिपाठी ने ग्राम्य विकास विभाग के प्राविधिक परीक्षक महेंद्र कुमार को टीएसी जांच के लिए अधिकृत किया है।