फोटो-26-खेत में पड़े पांच-पांच के सिक्के। स्रोत ग्रामीण
मल्लावां (हरदोई)। परचून की दुकान में बीती 18 सितंबर को हुई चोरी के मामले में ग्रामीणों ने एक संदिग्ध को पकड़ लिया।
उसे पुलिस के हवाले कर दिया। संदिग्ध के पास से पांच-पांच के सिक्के बरामद हुए। दरअसल, मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के नयागांव चौराहे स्थित दुकान से हुई चोरी में 1.90 लाख रुपये और पांच-पांच के सिक्के चोरी हुए थे।
नयागांव निवासी विनोद कुमार की माधौगंज मार्ग स्थित नयागांव चौराहे पर परचून की दुकान है। 18 सितंबर को चोर दीवार में सेंध लगाकर दुकान में रखी गुल्लक से 1.90 लाख रुपये चोरी कर ले गए थे। इस दौरान पांच हजार रुपये कीमत के पांच के सिक्के भी चोरी हुए थे। विनोद के मुताबिक शनिवार शाम गांव का एक व्यक्ति पांच के सिक्के चौराहे की दुकानों पर खर्च कर रहा था। इसकी जानकारी पर ग्रामीण और व्यापारी एकत्र हुए। यह भी पता चला कि आरोपी रात में खेत में बने मचान पर सोता है।
शनिवार रात विनोद ग्रामीणों के साथ खेत पर गए और आरोपी को पकड़ लिया। मचान पर पांच-पांच के सिक्के रखे मिले। खेत में मिट्टी खुदी नजर आने पर वहां फिर से खोदाई की गई। इस खेत से पांच-पांच के लगभग चार हजार रुपये कीमत के सिक्के मिले। प्रशिक्षु सीओ हरे कृष्ण शर्मा ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।