मौसम के तेवरों के कारण ठंड कम नहीं हो पा रही है। आलम यह है कि शनिवार को दोपहर बाद निकले सूर्यदेव भी लोगों को ठंड से राहत नहीं दिला पाए। सर्द हवाओं से बढ़ी गलन के चलते धूप का असर कोई खास नहीं रहा। दिन में भी लोगों की कंपकंपी छूटती रही ।
कोहरा और बादलों के साथ पाला पड़ने से तापमान गिरा है। शनिवार को तापमान अधिकतम 19.0 और न्यूनतम 5.0 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम के जानकारों का कहना है कि मौसम के तेवर अभी तीखे रहेंगे । लोगों को कड़ाकेे की ठंड से जूझना पड़ेगा।
पिहानी में शनिवार को भी घने कोहरे के आगे वाहनों की रफ्तार थमी रही। शनिवार की सर्द सुबह घना कोहरा लेकर आई। लोगों ने दोपहर बारह बजे के बाद सुबह मनाई। गलन का यह असर है कि पिछले तीन दिन से यहां सुबह दोपहर के समय हो रही है। शाम को ठिठुरन के चलते दुकानें जल्दी बंद हो जाती हैं। माध्यमिक विद्यालयों में अब तक अवकाश घोषित न होने से विद्यार्थियों को घने कोहरे के बीच ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचना पड़ रहा है।