सुरसा। लुधियाना से पैदल अपने गांव लौट रहे सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम उम्मरपुर निवासी युवक की रास्ते में तबियत बिगड़ गई। एंबुलेंस से मेरठ मेडिकल कालेज ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। एंबुलेंस के चालक ने परिजनों को मोबाइल पर घटना की जानकारी दी।
उम्मरपुर निवासी विपिन कुमार (19) पुत्र गिरवर एक वर्ष से लुधियाना में एक कपड़ा फैक्टरी में काम करता था। विपिन के बड़े भाई राज कुमार के मुताबिक 12 मई को विपिन पैदल ही लुधियाना से गांव जाने को निकला था। 17 मई को उसने फोन कर बताया था कि सहारनपुर में उसकी तबियत खराब हो गई है और उसे एक अस्पताल में भर्ती किया जा रहा है। मंगलवार सुबह एक एंबुलेंस चालक का फोन राजकुमार के पास आया। उसने बताया कि विपिन की हालत सोमवार देर रात बिगड़ गई थी। मंगलवार की सुबह एंबुलेंस उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज ला रही थी, लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई। शव मेरठ मेडिकल कालेज की मोर्चरी में रखा है। सूचना पर राजकुमार अपने परिजनों के साथ सुरसा थाने पहुंचा और घटना के बारे में पूरी जानकारी दी। राजकुमार ने बताया कि विपिन अविवाहित था। मेरठ पहुंचने पर ही पूरी जानकारी हो सकेगी।