पॉली में क्रिकेट मैच में शॉट लगाता खिलाड़ी। संवाद
- फोटो : HARDOI
पाली। नगर के भारतीय इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को सेमीफाइनल मैच खेला गया। सुपर स्टार टीम ने आसमां क्रिकेट क्लब को सात विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्रभुदयाल वाजपेयी और जुम्मन खां की स्मृति में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले में आसमां क्रिकेट क्लब के कप्तान सचिन मिश्रा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम ने निर्धारित 16 ओवर में 154 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुपरस्टार क्रिकेट टीम पाली ने तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
इसके साथ ही टीम सात विकेट से मैच जीत कर फाइनल में पहुंच गई। टीम के बल्लेबाज मुस्तजाब ने सर्वाधिक 60 रन बनाए। मुस्तजाब को मैन ऑफ द मैच चुना गया। आयोजकों ने बताया कि मंगलवार को दूसरा सेमीफाइनल मैच खेला जाएगा। इस मौके पर किशन, टाइगर, डॉ. अंकित मिश्र, प्रियम अग्निहोत्री, वासिफ रहमान, अमन व शाहजाब भी मौजूद रहे।