हरदोई। गर्मी की दस्तक हो चुकी है। तापमान का स्तर 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। जल स्तर गिरने लगा है, जिससे हैंडपंपों से सांय सांय की आवाज के साथ बालू भी आने लगी है।
इसके अलावा कई हैंडपंपों ने तो पानी देना भी बंद कर दिया है। वाटर लाइन व्यवस्था भी शहर में दुरुस्त नहीं है। शहर में अधिकांश सार्वजनिक स्थलों से वाटर लाइन टैंक गायब हो चुके हैं।
साथ ही कुछ स्थानों पर लगाए गए वाटर कूलर भी बंद हैं। इससे शहर में पेयजल की व्यवस्था निजी सबमर्सिबल पंपों पर निर्भर हो गई है।
अमृत योजना में करोड़ों खर्च होने के बाद भी शहर के हर घर तक न तो कनेक्शन पहुंचा है न ही सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल की व्यवस्था हो पाई है, जबकि योजना में सैकड़ों किलोमीटर वाटर लाइन बिछाई गई।
केस-एक
सबसे ज्यादा आवाजाही वाले नुमाइश चौराहे के पास लगा हैंडपंप खराब है। यहां राहगीरों के लिए पीने के पानी के लिए बनाई गई वाटर लाइन की टोंटी भी गायब हो चुकी है। जिसके चलते प्यास लगने पर इधर-उधर भटकना होता है या फिर दुकानों से पानी खरीदना पड़ रहा है।
केस-दो
शहर का मुख्य चौराहा है बड़ा चौराहा। यहां प्रसिद्ध पुरातन मंदिर है। बड़ी संख्या में हर दिन यहां लोग आते हैं। बाजार की आवाजाही भी यहीं से होती है। यहां लगा वाटर कूलर खराब है। पड़ोस में लगे एक छोटे हैंडपंप से जैसे तैसे काम चल रहा है।
केस-तीन
सिनेमा रोड पर बड़े शोरूमों से लेकर छोटी दुकानें हैं। बड़ी संख्या में दुकानों पर काम करने वाले कामगरों आदि को पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। बस बिल्डिंग के सामने और थोड़ी दूर पर लल्लू दादा मार्केट के पास लगा हैंडपंप भी खराब है।
केस-चार
सिनेमा चौराहे के पास पुलिस बूथ के पास लगा वाटर कूलर खराब है। यहां आसपास फल और खोमचे वालों से लेकर तमाम यात्री छांव में ठहर कर पानी पीते हैं। छोटे हैंडपंपों के सहारे जैसे तैसे लोगों का काम चल रहा है।
केस-पांच
कोतवाली शहर और नुमाइश चौराहा के बीच अमित फर्नीचर के सामने लगा हैंडपंप पिछले वर्ष नाला निर्माण में जमींदोज हो गया। हैंडपंप की मशीन पाइप आदि ठेकेदार की जेसीबी की भेंट चढ़ गई। तोताराम पहलवान के पड़ोस में लगा हैंडपंप भी गुम हो गया है।
शहर के खराब हैंडपंपों की सूची बनाने एवं ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं। सार्वजनिक स्थलों पर वाटर कूलर लगाने एवं वाटर लाइन, पेयजल स्थल बनाने का प्रस्ताव बनाया गया है।
अमृत योजना के तहत सभी को कनेक्शन देने एवं सभी जोन की वाटर लाइन का कार्य पूरा करने के लिए कार्यदायी संस्था के अफसरों से बात की गई है।
- रविशंकर, ईओ नगर पालिका