टड़ियावां। टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम सोहासा में एक युवक ने बाग में साड़ी से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार को ही युवक को परिजनों की शिकायत पर पुलिस ले गई थी। बाद में पुलिस ने परिजनों के सुपुर्द कर दिया था।
टड़ियावा थाना क्षेत्र के ग्राम सोहासा निवासी दयाराम उर्फ फदाली (21) पुत्र राधे सक्सेना खेती किसानी करता था। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक गुरुवार को दयाराम अपनी पत्नी से झगड़ा कर रहा था। इसकी सूचना परिजनों ने यूपी-112 पुलिस को दे दी थी। इस पर गांव पहुंची पुलिस दयाराम को लेकर टड़ियावां थाने चली गई थी।
शाम को लगभग चार बजे पुलिस ने परिजनों को बुलाकर दयाराम को सुपुर्द कर दिया था। परिजनों के साथ घर जाने के बाद कुछ देर ही दयाराम घर पर रुका। इसके बाद बिना कुछ बताए घर से चला गया। परिजनों ने रात में उसे तलाश किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। शुक्रवार सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने दयाराम का शव आम के बाग में साड़ी के फंदे पर लटकते देखा।
इसकी सूचना परिजनों को दी। घटना का पता लगने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दयाराम दो भाइयों में बड़ा था। दो साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। परिवार में पत्नी पुष्पा है। कोई बच्चे नहीं हैं। टड़ियावां के प्रभारी निरीक्षक एसपी उपाध्याय ने बताया कि घटना को लेकर परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।