उमस भरी गर्मी से बचाव के लिए घरों में चल रहे एसी और
कूलरों आदि की ओवर लोडिंग की वजह से गुरुवार की रात को तेज धमाके के साथ
सिटी उपकेंद्र की ट्रालियाें में आग लग गई। जिससे सिटी उपकेंद्र क्षेत्र की
विद्युत आपूर्ति करीब दो घंटे तक ठप रही।
आग लगने की जानकारी पाकर मौके
पर पहुंचे अफसरों और कर्मियों ने किसी तरह से बचाव किया और आपूर्ति को
सुधारा। जिसके बाद ही उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली। शहर के सिटी उपकेंद्र
के महात्मा गांधी मार्ग के इंसूलेटर में आई खराबी से गुरुवार की रात को
करीब पौने नौ बजे उपकेंद्र पर स्थित फीडर की ट्रालियों में अचानक तेज धमाके
के साथ आग लग गई।
ट्रालियों में अचानक धमाका होने और आग लगने से उपकेंद्र
पर कर्मचारी भी भयभीत हो गए। हालांकि, कर्मचारियों ने स्वयं को संभालते हुए
तत्काल इनकमिंग आपूर्ति को बंद कराया। जिससे आग बढ़ नहीं पाई, पर इसके बाद
भी उपकेंद्र की दो ट्रालियां क्षतिग्रस्त हो गई।
महात्मा गांधी रोड
फीडर और कौशलपुरी फीडर की ट्रालियां जलने से उपकेंद्र पर दो घंटे की
आपूर्ति ठप रही। जानकारी मिलने पर एसडीओ सत्येंद्र पांडेय सहित जेई केपी
सिंह व अंबिका प्रसाद मौके पर पहुंचे। जिनके निर्देशन में काम कराया गया।
रात में तो अन्य फीडरों से जोड़कर आपूर्ति सुचारु कर दी गई, पर शुक्रवार को
भी दिन भर काम करवाकर ट्रालियों की मरम्मत कराई गई। जिसके बाद शाम को
आपूर्ति उन्हीं फीडरों से शुरू कर दी गई। एसडीओ ने बताया कि इंसूलेटर पर
ओवर लोडिंग से खराबी आई, जिससे ट्रालियां फुंक गई।