हरदोई। परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं शनिवार को जीआईसी में आयोजित कार्यशाला में किसी प्रशिक्षित कंप्यूटर प्रोग्रामर की तरह लैपटॉप पर कोडिंग करते दिखे। एचसीएल फाउंडेशन की तरफ से डिजिटल लिटरेसी पर लगाई गई कार्यशाला में प्राथमिक और संविलियन विद्यालयों के तमाम विद्यार्थियों को प्रोग्रामिंग भाषा पायथन का प्रयोग कर स्केच एप पर प्रस्तुतिकरण भी दिया।
एचसीएल फाउंडेशन की तरफ से चलाए जा रहे समुदाय कार्यक्रम के तहत दो दिवसीय कार्यशाला के अंतिम दिन जिले में कुल 50 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को कोडिंग और ब्लॉक कोडिंग के बारे में जानकारी दी गई। इनमें 23 संविलियन विद्यालय और 27 उच्च प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को कप्यूटेशनल थिंकिंग के बारे में बताया गया। फाउंडेशन की ओर से प्रशिक्षक हितेश शरोन और अर्पित अग्रवाल ने आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस की कार्य प्रणाली को समझाया और कोडिंग व ब्लॉक कोडिंग की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जिले के ब्लॉकों में कोडिंग व ब्लॉक कोडिंग को लेकर पहले से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसको लेकर ही दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई है। छात्र-छात्राओं ने पायथन प्रोग्रामिंग की मदद से स्केच एप्लिकेशन पर प्रस्तुतिकरण भी दिया। कार्यशाला में विद्यार्थी भी एक प्रशिक्षित कंप्यूटर प्रोग्रामर की तरह कोडिंग कर एप को तैयार करते हुए नजर आए। कार्यशाला में विद्यार्थियों ने रोल प्ले कर कंप्यूटर की उपयोगिता को बताया। प्रशिक्षण के बाद विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र भी दिए गए। इस मौके पर एचसीएल के साहेब रॉव, आलोक कुमार और साधू शाह मौजूद रहे।