शहर से कोचिंग पढ़कर साइकिल से घर जा रहे छात्र की गुुरुवार की सुबह सीतापुर मार्ग स्थित रेलवे ओवर ब्रिज पर संदिग्ध हालत में तबीयत बिगड़ गई। साथी की सूचना पर पहुंचे परिजन उसे जिला अस्पताल लाए। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने हार्ट अटैक से मौत होने की बात कही है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के महोलिया शिवपार निवासी श्रीपाल सेवानिवृत्त सैनिक है। उसके दो बेटों में जितिन पाल (15) बड़ा था। वह शहर के एक निजी स्कूल में दसवीं का छात्र था।
श्रीपाल के मुताबिक गुरुवार की सुबह साइकिल से कोचिंग पढ़ने शहर आया था। कोचिंग पढ़कर वह एक साथी के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान सीतापुर मार्ग स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर पहुंचते ही संदिग्ध हालात में उसकी तबीयत बिगड़ गई।
जितिन की हालत बिगड़ते देख साथी ने उसकेे परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर के पिता ने हार्टअटैक से मौत होने की बात कही है। रेलवेगंज चौकी इंचार्ज देवेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।