पिहानी। कोतवाली क्षेत्र में गोपामऊ मार्ग पर बखरिया के पास शनिवार रात बिना नंबर प्लेट की बाइक से आए दो युवकों ने लघुशंका कर रहे युवक से गोपामऊ का रास्ता पूछा। बाद में युवक को गालीगलौज कर उसकी तलाशी ली। युवक के पास कुछ न मिलने पर उसके बाएं पैर में तमंचे से गोली मारका भाग निकले। युवक को सीएचसी से पहले मेडिकल कॉलेज और बाद में लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
बखरिया निवासी कन्हैया सिंह (24) गुरुग्राम में एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए वह बीते गुरुवार को गांव आए थे। शनिवार देर शाम कन्हैया गांव निवासी दोस्त गोविंद के साथ बाइक से पिहानी गए थे। कन्हैया ने बताया कि देर रात दोनों बाइक से गांव जा रहे थे। गांव से पांच सौ मीटर पहले कन्हैया ने बाइक रोकी और लघुशंका करने लगे।
आरोप है कि इसी दौरान बिना नंबर की बाइक से आए दो युवकों ने गोपामऊ का रास्ता पूछकर गालीगलौज शुरू कर दिया। इसी दौरान आरोपियों ने कन्हैया की तलाशी भी ली और कुछ न मिलने पर एक आरोपी ने ने तमंचे से गोली चला दी। गोली कन्हैया के बाएं पैर में लगी। इसके बाद आरोपी भाग गए। सीओ लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच के साथ आरोपियों की तलाश की जा रही है।