सांडी थाना क्षेत्र के तिलमई खेड़ा गांव निवासी एक युवती ने गुरुवार को गर्रा नदी में छलांग लगा दी। सूचना पर थाना इंचार्ज दीनानाथ मिश्रा मौके पर पहुंचे और गोताखोरों को नदी में उतार कर खोजबीन कराई। देर शाम तक उसका सुराग नहीं मिला।
गांव निवासी देशराज की पुत्री सीमा (18) गुरुवार को सुबह करीब 8:30 बजे घर से किसी काम के लिए बाजार जाने की बात कहकर निकली थी। वह 11 बजे तक नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू की। पता चला कि गर्रा नदी किनारे एक सुसाइड नोट पड़ा है, जिसमें पेट के दर्द से नदी में कूद कर जान देने की बात लिखी है।
इस पर परिजनों की चीख पुकार मच गई और वह मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना पर थाना इंचार्ज मौके पर पहुंचे और गांव के गोताखोरों को नदी में उतरवाकर खोजबीन शुरू करा दी। देर शाम तक कोई सुराग नहीं लगा। ग्राम प्रधान बृजकिशोर ने बताया कि सुसाइड नोट में पेट के दर्द के चलते जान देने की बात लिखी है। थाना इंचार्ज ने कहा कि घटना की जांच पड़ताल की जा रही है।