सांडी। थाना क्षेत्र के हरदोई-सांडी रोड पर सोमवार को चचरापुर के पास प्राइवेट बस की स्टेयरिंग फेल होने से खाई में पलट गई। चीख-पुकार मचने पर आस-पास के खेतों में काम रहे लोगों ने बस में फंसी सवारियों को बाहर निकाला। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलाें को एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया।
सांडी से एक प्राइवेट बस सवारियां भरकर हरदोई जा रही थी। बस में करीब 30 सवारियां थीं। चचरापुर गांव के पास बस की स्टेयरिंग फेल हो गई। इससे बस बेकाबू होकर खाई में पलट गई। बस में फंसी सवारियों की चीख-पुकार पर आस-पास खेतों में काम कर रहे किसान पहुंच गए। उन्होंने बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
हादसे में नयागांव निवासी राजेश (40), नितीश (42) निवासी बखरिया, जामिन (30) निवासी कन्नापुर, मधू (40)निवासी मोहल्ला नवाबगंज और लकी (20) घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया। हादसे के बाद चालक भाग गया। सूचना मिलने पर घायलों के परिजन सीएचसी पहुंचे।