हरदोई। 20 वर्षों से मालखाने में कैद नेता जी सुभाष चंद्र बोस की मूर्ति को बाहर निकाल कर शहीद उद्यान में स्थापित कराए जाने की मांग संयुक्त अधिवक्ता महासंघ केे पदाधिकारियों ने की। पदाधिकारियों व अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
कलक्ट्रेट परिसर में एकत्र हुए पदाधिकारियों व अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अनुराग पाठक ने कहा कि पिछले 20 वर्षों से प्रशासन की अनदेखी व लापरवाही के चलते नेता जी की मूर्ति मालखाने में है। उन्होंने मांग की कि मूर्ति शहीद उद्यान में स्थापित की जाए। इस दौरान पदाधिकारियों व अधिवक्ताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट जंग बहादुर यादव को ज्ञापन सौंप कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर हिमांशु सिंह, रश्मि मिश्रा, नरेंद्र बहादुर, विनीत पांडे, राहुल मिश्रा, हरिओम गुप्ता, दिनेश चंद्र त्यागी आदि मौजूद रहे।