फोटो-5- औद्योगिक क्षेत्र में एक प्रतिष्ठान के कार्यालय में मौजूद विशेष जांच अनुसंधान टीम के अध
हरदोई। राज्यकर की विशेष जांच अनुसंधान लखनऊ यूनिट ए (एसआईबी) की टीम ने सोमवार को औद्योगिक क्षेत्र में दो प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। लखनऊ से आई टीम इस दौरान मीडिया से दूर रही। स्थानीय अधिकारियों ने भी कुछ भी बता पाने से इनकार कर दिया। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक जीएसटी की दर में बदलाव के बाद स्टाक आदि की जांच की जा रही है। इसके अलावा कर चोरी के मामले की भी पड़ताल हाे रही है।
शहर में सरकुलर रोड पर स्थित औद्योगिक खेत्र में पान मसाला बनाने की एक फैक्टरी है। इस परिसर समेत एक ही मालिक के दो प्रतिष्ठानों पर छापा मारा गया है। विश्वस्त सूत्र बताते हैं कि राज्य कर के संयुक्त सुशील कुमार सिंह, सहायक आयुक्त विशाल सिंह, उपायुक्त घनश्याम मदेशिया ने दो राज्य कर अधिकारियों के साथ छापा मारा है। स्थानीय अधिकारियों में खंड चार के उपायुक्त अमित कुमार भी कार्रवाई करने वाली टीम में शामिल हैं। हालांकि इन सभी अधिकारियों ने मीडिया से दूरी बनाए रखी।
कई बार सवाल करने पर भी कोई जवाब नहीं दिया। दरअसल बार बार एक ही प्रतिष्ठान पर छापा डाले जाने को लेकर व्यापारियों में भी अंदरखाने आक्रोश पनप रहा है। पान मसाला बनाए जाने की सामग्री और तैयार पान मसाले पर जीएसटी 28 फीसदी से बढ़कर 40 फीसदी हुई है। इसके कारण स्टॉक की जांच भी किए जाने की चर्चा है।