फोटो-16-आशा नगर स्थित अपने आवास पर प्रेस वार्ता को संबोधित करते सपा अधिवक्ता सभा के प्रदेश सचिव आदर
- फोटो : HARDOI
हरदोई। कुछ दिनों से कोरोना महामारी से जूझ रहे प्रदेश के नागरिकों की ऑक्सीजन की कमी से हुई मौतों के लिए केंद्र और राज्य सरकार दोनों जिम्मेदार हैं। आशा नगर स्थित आवास पर सोमवार को समाजवादी पार्टी अधिवक्ता सभा के प्रदेश सचिव आदर्श दीपक मिश्र ने यह बात कही।
उन्होंने कहा कि अगर कोई सरकार केंद्र और राज्य का बहाना बनाकर अपने आप को पाक साफ साबित करना चाहती है तो यह मानवता की हानि है और असंवेदनशीलता की पराकाष्ठा है। हर हाल में जीवन रक्षा की जानी चाहिए सरकारों का यह दायित्व है कि वे नागरिकों का हर हाल में स्वास्थ्य संबंधी ध्यान रखें और साथ ही जीवन और जीविका दोनों जीवित रखें।
सपा उत्तर प्रदेश सरकार से मांग करती है कि जिन कोरोना पीड़ित मरीजों की ऑक्सीजन की कमी से मौत हुई है उनके परिजनों को कम से कम 20 लाख रुपये आर्थिक मदद दी जाए जिससे उसके बच्चों व परिजनों का भविष्य संभल सके और साथ ही इस कोरोना महामारी के दौरान जो हमारे स्वास्थ्य कर्मी डॉक्टर, प्रदेश के सुरक्षाकर्मी अपनी जान की बाजी लगाकर हम सबकी रक्षा कर रहे हैं।
कोरोना से उनकी मृत्यु हो गई हो ऐसे कर्मचारियों को शहीद का दर्जा एक करोड़ रुपये सांत्वना के रूप में प्रदान किया जाए। साथ ही 1965 में हुए भारत पाकिस्तान युद्ध में पाकिस्तान के खतरनाक टैंकों को तबाह करने वाले परमवीर चक्र विजेता अब्दुल हमीद के बेटे अली हसन सहित प्रदेश मे कई लोगो की ऑक्सीजन न मिल पाने के कारण उनकी मृत्यु हो गई जोकि दुर्भाग्यपूर्ण है।
सरकार की नजर में भले ही एक मृत्यु आंकड़ा है परंतु उसके परिजनों के लिए जीवन का आधार हैं। पीड़ितों के विषय में सरकार को सोचना ही चाहिए। इस मौके पर प्रमुख रूप से प्रबुद्ध सभा के जिला उपाध्यक्ष राम जी, अतुल शुक्ल, प्रबुद्ध सभा के जिला उपाध्यक्ष विजय पांडे, लोहिया वाहिनी के पूर्व जिला महासचिव धीरज सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।