सिनेमा रोड पर कपड़े की दुकान पर स्वाइप मशीन से खरीदारी करता ग्राहक।
- फोटो : amar ujala
हरदोई। नोटबंदी के बाद से कैश की समस्या से जूझ रहे दुकानदार व ग्राहक कैशलेस व्यवस्था से जुड़ने लगे हैं। शहर के अधिकतर दुकानदारों ने दुकानों पर स्वाइप मशीन से कारोबार की शुरूआत कर दी है। वहीं, अधिकतर दुकानदारों ने स्वाइप मशीन के लिए बैंकों में आवेदन किया है। दुकानदार स्वाइप मशीन और अन्य कैशलेस व्यवस्था को इस समय की अहम जरूरत मानते हैं।
शहर का मुख्य बाजार सिनेमा रोड पर है। यहां पर ज्यादातर दुकानदारों ने कैशलेस से कारोबार की शुरूआत की है। कैशलेस व्यवस्था से व्यापार करना व्यापारियों और ग्राहकों के लिए काफी सुगम हो गया है। सिनेमा चौराहे पर एक साड़ी विक्रेता अनिल भसीन बताते हैं कि नोटबंदी से रुपयों की किल्लत से कारोबार में कमी आई थी।
ग्राहक एटीएम कार्ड से खरीददारी करने की मांग करने लगे। इसके बाद बैंक से 22 नवंबर को स्वाइप मशीन ली है। स्वाइप मशीन लेने के बाद कारोबार में कुछ सुधार हुआ। वस्त्र विक्रेता कृष्ण मिगलानी बताते हैं कि उनके यहां पहले से स्वाइप मशीन की सुविधा थी, लेकिन वह स्वाइप मशीन का प्रयोग नहीं करते थे। नोटबंदी के बाद से स्वाइप मशीन से ग्राहक अधिक खरीददारी करते हैं।
आज उनके यहां पर 50 प्रतिशत कारोबार स्वाइप मशीन के माध्यम से हो रहा है। गारमेंट विक्रेता रेशू ने बताया कि उनके यहां पर पहले से स्वाइप मशीन थी, जिससे कारोबार पर कोई असर नहीं हुआ। अधिकतर ग्राहक नगद रुपये देने से बच रहे हैं। उनकी एक और दुकान है। इसके लिए उन्होंने स्वाइप मशीन के लिए आवेदन किया है।
वस्त्र विक्रेता आशीष गुप्ता ने बताया कि 40 फीसदी कारोबार स्वाइप मशीन के माध्यम से हो रहा है। नोटबंदी के बावजूद उन्हें कोई दिक्कत नहीं हुई है। एलडीएम नवीन चंद्रा ने बताया कि अधिकतर दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानों पर स्वाइप मशीन लगवाने के लिए आवेदन कर रखा है। जल्द ही इन दुकानदारों को स्वाइप मशीन उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा गया है।