हरदोई। शहर के फुटपाथ अतिक्रमण से मुक्त नहीं हो पा रहे हैं। बाजारों की तो बात छोड़िए मुख्य मार्गों के फुटपाथों पर छोटे वाहनों के अवैध स्टैंड संचालित हो रहे हैं। फुटपाथ से लेकर सड़क तक वाहनों की पार्किंग के चलते आवागमन में बाधा आती है और इससे बार-बार जाम लग रहा है।
शहर में अतिक्रमण बड़ी समस्या बन गया है। बाजार क्षेत्र के मार्गों के फुटपाथों पर तो दुकानदारों ने दुकान व सामान लगाकर अतिक्रमण कर रखा है। ऐसे ही हालत शहर में विभिन्न मार्गों के फुटपाथों की है।
इन पर अवैध रूप से वाहनों की पार्किंग हो रही। इससे आम लोगों को कठिनाई होती है। कई बार तो कई डग्गामार वाहनों के साथ-साथ ई-रिक्शा, आटो और टेंपों सड़क किनारे व फुटपाथ पर खड़े रहते हैं।
सीन-1
जिंदपीर चौराहे पर सीतापुर मार्ग के रेलवे ओवरब्रिज की चढ़ाई शुरू होती है। चौराहे पर फुटपाथ से लेकर सड़क और पुल के ढलान पर भी डग्गामार वाहन सवारियाें के इंतजार में खड़े होते हैं। इससे कई बार तो पुल पर आने-जाने वालों को भी दिक्कत का सामना करना पड़ता है।
सीन-2
नुमाइश चौराहे पर सांडी, सवायजपुर और बावन से आने वाले तीनों मार्ग सांडी मार्ग के नाम से नुमाइश चौराहे से जुड़ते हैं। इस पर चौराहे से चंद कदम आगे ही फुटपाथ पर ही वाहनों का अवैध स्टैंड लोगों के लिए परेशानी बनता जा रहा। इससे आए दिन जाम भी लगता है।
इन वाहनों के साथ ही शहर में संचलित हो रहे ई-रिक्शा, आटो आदि के लिए जल्द ही रूट प्रणाली प्रभावी की जाएगी। इसी के अनुसार वाहनों का संचालन कराया जाएगा। गलत रूट और पार्किंग पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
-अंकित मिश्रा, सीओ सिटी