मोहम्मद यूसुफ को मिठाई खिलाते टीचर।
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई/संडीला। सीबीएसई बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा का परीक्षाफल शुक्रवार को घोषित हो गया जिसमें सेंट थेरेसा स्कूल के मुहम्मद यूसुफ ने 92.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला टॉप किया। स्कूल के प्रधानाचार्य एवं अध्यापकों ने यूसुफ के घर जाकर बधाई दी। बाल विद्या भवन की दसवीं की छात्रा मानसी गुप्ता और बारहवीं की मानसी सिंह ने स्कूल में सबसे ज्यादा अंक हासिल किए। मानसी गुप्ता को 91.6 और मानसी सिंह को 75 फीसदी अंक मिले। सफल छात्र-छात्राओं मेें कोई डाक्टर बनना चाहता है तो कोई इंजीनियर बनने के ख्वाब संजोए हैं।
परीक्षाफल घोषित होने के बाद पता चला कि सेंट थेरेसा स्कूल संडीला के यूसुफ ने पूरे जिले में टाप किया है। उन्होंने 92.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। परीक्षाफल की जानकारी होते ही स्कूल तथा यूसुफ के घर में खुशी की लहर दौड़ गई। स्कूल के प्रधानाचार्य फादर प्रकाश सोरेन एवं गणित एवं विज्ञान के अध्यापक रियाज अहमद व दीपक शुक्ला ने उनके घर जाकर बधाई दी तथा बच्चों को मिठाई खिलाई। इसके अलावा विजेता सिंह ने स्कूल में दूसरा स्थान प्राप्त किया। उनको 89.6 प्रतिशत अंक मिले। इसके अलावा प्रगति दीक्षित ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। उनको 88.8 प्रतिशत अंक मिले। स्कूल के 66 बच्चों ने बोर्ड की परीक्षा दी थी जिसमें सभी उत्तीर्ण हो गए। कंप्यूटर व विज्ञान में सभी बच्चों ने अच्छे अंक प्राप्त किए। गणित एवं विज्ञान वर्ग में अधिकतर बच्चों ने 90 से अधिक प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
उधर, आईसीएसई व आईएससी बोर्ड के नतीजे शुक्रवार को घोषित कर दिए गए। सुबह से ही रिजल्ट आने का इंतजार कर रहे परीक्षार्थियों में नतीजे आते ही खुशी की लहर दौड़ गई। शहर के बाल विद्या भवन में इस बार 53 परीक्षार्थियों ने परीक्षा प्रतिभाग किया था। लगभग सवा तीन बजे बोर्ड की वेबसाइट पर परिणाम घोषित किए गए जिसमें कुल छात्रों में से 52 ने बेहतरीन अंकों के साथ सफलता का परचम लहराया। विद्यालय का एक छात्र फेल हुआ। वेबसाइट पर रिजल्ट आते ही छात्र एक दूसरे को गले लगाकर बधाई देने लगे। नतीजों से पहले छात्रों ने सुबह उठकर मां-बाप का आशीर्वाद लेने के बाद मंदिरों में मत्था टेका और मुसलमान छात्रों ने नमाज पढ़ी।
परिणाम आने से घंटों पूर्व ही विद्यालय प्रांगण में समारोह सा प्रतीत होने लगा जिन छात्रों को बेहतर प्रदर्शन का विश्वास था, वह विद्यालय प्रांगण में अपने माता पिता अथवा अन्य परिजनों के साथ पहुंच गए। विद्यालय में टाप करने वाले छात्रों में से कोई डाक्टर तो कोई इंजीनियर बनने का सपना संजोए हैं। परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं ने सफलता का श्रेय माता पिता व गुरुजनों को दिया है। उनका कहना है इल लोगों की प्रेरणा से ही इस मुकाम को हासिल किया है। खास तौर से गुरुजनों द्वारा जिस लगने से उनको पढ़ाया गया है। उसी के परिणाम स्वरूप परीक्षाओं में अच्छे अंकों के साथ उत्तीर्ण हैं।