हरदोई। शहर के बड़ा चौराहा से बाबा मंदिर चौराहे तक एक तेज रफ्तार कंटेनर रविवार की सुबह पांच बजे तार तोड़ते चला गया। इससे लोगों में भगदड़ बच गई। बिजली बंद हो जाने से बड़ा हादसा बच गया। तार टूटने से करीब दो घंटे तक क्षेत्र की आपूर्ति बाधित रही।
शहर के बिजली व्यवस्था में भारी वाहन बाधक बन रहे हैं। भारी वाहनों के कारण प्रतिदिन तार व विद्युत पोल के टूटने की घटना हो रही है। इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। रविवार की सुबह बिलग्राम की ओर से आ रहे एक कंटेनर चालक ने सांडी मार्ग जाने के लिए उसे बड़ा चौराहे से रामदत्त चौराहे की ओर मोड़ दिया। भारी वाहन होने के कारण कंटेनर की छत से दुकानों व घरों को दिए गए बिजली कनेक्शन की केबल उसमें फंस कर टूटने लगी, मगर चालक ने कंटेनर को नहीं रोका।
यह देख बाबा मंदिर चौराहे पर रास्ता सकरा होने पर चालक वाहन छोड़ कर भाग गया। इससे बड़ा चौराहे से बाबा मंदिर चौराहे तक बिजली की केबल के अलावा अन्य नेटवर्क की केबलें भी क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर दूसरे चालक को बुलाकर कंटेनर को वहां से कोतवाली भेज दिया।
उधर, तार टूटने के कारण क्षेत्र की आपूर्ति सुबह दो घंटे तक बाधित रही। इससे लोग परेशान हुए। अवर अभियंता मनोज यादव ने बताया कि अधिक नुकसान नहीं हुआ। उपभोक्ताओं के केबल टूट गए थे, जिनको जोड़ दिया गया है।