हरदोई। लखनऊ व बरेली के केंद्रों पर रविवार को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा के प्रतिभागियों के लिए मुरादाबाद रेल मंडल ने रविवार को हरदोई-बरेली व लखनऊ-बरेली के लिए दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है।
शेडयूल के मुताबिक बरेली से लखनऊ जाने वाली 04304 परीक्षा स्पेशल ट्रेन रविवार अल सुबह 4.15 बजे बरेली से चलेगी। ट्रेन सुबह 6.08 बजे शाहाबाद स्टेशन, सुबह 6.38 बजे हरदोई स्टेशन, सुबह 7.08 बजे बालामऊ स्टेशन व सुबह 7.30 बजे संडीला स्टेशन पहुंचेगी। इसी तरह लखनऊ से परीक्षा के बाद उन्हें वापस लाने के लिए 04303 परीक्षा स्पेशल ट्रेन शाम को लखनऊ से चलेगी।
ट्रेन रात 8.25 बजे संडीला स्टेशन, रात 8.52 बजे बालामऊ स्टेशन, रात 9.22 बजे हरदोई स्टेशन व 9.50 बजे शाहाबाद स्टेशन पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन बरेली रवाना होगी। इसी तरह बालामऊ से बरेली के लिए चलने वाली स्पेशल ट्रेन 04305 रविवार सुबह पांच बजे बालामऊ से निकलेगी। सुबह 5.40 बजे ट्रेन हरदोई स्टेशन व 6.15 बजे शाहाबाद स्टेशन पहुंचेगी। यहां से वह बरेली के लिए जाएगी। वहीं बरेली से शाम को ट्रेन 04306 शाम 7.30 बजे बरेली से निकलेगी। ट्रेन रात 9.28 बजे शाहाबाद स्टेशन पहुंचेगी, रात 10 बजे हरदोई स्टेशन व 10.35 बजे बालामऊ स्टेशन पहुंचेगी। सीएमआई अंबुज मिश्रा ने बताया कि ट्रेनों के संचालन को लेकर तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। संवाद