हरदोई। सोमवती अमावस्या मेले को लेकर हरिद्वार आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष अनारक्षित ट्रेन का संचालन किया है। हरिद्वार और लखनऊ के बीच चलने वाली विशेष ट्रेन का ठहराव हरदोई में भी किया गया है। इससे यात्रियों को बड़ी सहूलियत मिलेगी।
सोमवती अमावस्या 15 जून को मनाई जाएगी। इस तिथि पर गंगा स्नान के साथ ही धार्मिक स्थलों पर पूजा पाठ करने का महत्व होता है। सोमवती अमावस्या पर बड़ी संख्या में लोग हरिद्वार भी जाते हैं। इससे हरिद्वार में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ हो जाती है। भीड़ को देखते हुए रेलवे ने श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए मेला विशेष ट्रेन का संचालन किया है।
सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए हरिद्वार और लखनऊ के बीच विशेष ट्रेनें चलाई गई हैं। ट्रेन का ठहराव हरदोई समेत मार्ग के कई स्टेशनाें पर दिया गया है। ट्रेन 04326 हरिद्वार-लखनऊ विशेष अनारक्षित ट्रेन 15, 16 और 17 जून 2026 को चलाई जाएगी। यह ट्रेन हरिद्वार से शाम 6:35 बजे रवाना होकर लक्सर, नजीबाबाद, नागिना, धामपुर, स्योहारा, कांठ, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और शाहजहांपुर होते हुए रात 1:52 बजे हरदोई पहुंचेगी।
दो मिनट के ठहराव के बाद यह ट्रेन बालामऊ होते हुए सुबह 3:30 बजे लखनऊ पहुंचेगी। वापसी दिशा में ट्रेन 04325 लखनऊ की तरफ से ट्रेन 16, 17 और 18 जून को चलेगी। ट्रेन सुबह 5:30 बजे लखनऊ से रवाना होकर बालामऊ के बाद सुबह 7:02 बजे हरदोई पहुंचेगी। यहां दो मिनट के निर्धारित ठहराव के बाद ट्रेन निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए शाम 4:15 बजे हरिद्वार पहुंचेगी।