संडीला। एसडीएम मनोज कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील सभागार में बीएलओ व सुपरवाइजर की बैठक आयोजित की गई। इसमें एसडीएम ने मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत अब तक किए गए काम की समीक्षा की। एसडीएम ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए रविवार को तहसील क्षेत्र के सभी बूथों पर विशेष मतदाता कैंप आयोजित किए जाएंगे।
एसडीएम मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि युवा मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए बूथ पर जाएं और वोट बनवाने के लिए आवेदन करें।
कहा कि 12 जनवरी को पोलिंग बूथ पर आपत्ति और आवेदन प्रस्तुत करने का अंतिम दिन है, इसे सफल बनाने में विशेष सतर्कता बरतें। कहा कि दोनों विधानसभा में 50-50 बूथ ऐसे चिन्हित किए गए हैं, जिनमें सबसे कम आवेदन आए हैं। इन सभी 100 बूथों पर अनिवार्य रूप से सुपरवाइजर उपस्थित रहकर युवाओं के आवेदन जमा कराएंगे। इस मौके पर तहसीलदार अंबिका चौधरी व नायब तहसीलदार भीमसेन आदि मौजूद रहे।