हरदोई। जिले के सभी परिषदीय शिक्षक 21 जनवरी को सामूहिक तौर पर आकस्मिक अवकाश लेंगे, जिससे विद्यालयों में पूर्ण तालाबंदी रहेगी। इस दौरान सभी शिक्षक बीएसए कार्यालय में धरना प्रदर्शन करेंगे। शनिवार को बिलग्राम रोड स्थित शिक्षक भवन में हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय कोषाध्यक्ष व जिलाध्यक्ष शिवशंकर पांडेय ने ये बात कही।
उन्होंने कहा कि ब्लाक अध्यक्ष शिक्षकों के संपर्क में हैं, वह सभी इस तालाबंदी को सफल बनाएंगे। उन्होंने कहा कि ब्लाक अध्यक्ष व मंत्री अवकाश के लिए निर्धारित प्रारूप पर 18 जनवरी तक हस्ताक्षर कराएं। इसके बाद समस्याओं पर चर्चा की गई। जिसमें गत वर्ष का सदस्यता शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 25 जनवरी तय की गई। निर्णय लिया गया कि निर्धारित अवधि में सदस्यता शुल्क एवं सदस्यता सूची न जमा करने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही बैठक में प्रतिभाग न करने वाले पदाधिकारियों के विरुद्ध भी कार्यवाही की जाएगी। जिला उपाध्यक्ष अक्षत पांडेय ने रोष जताते हुए कहा कि भर्ती के सभी सत्यापन पूर्ण हो जाने के बाद भी अवशेष वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा है। इस स्थिति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभिन्न ब्लाकों की यूनिफार्म का अवशेष, निलंबन, बहाली आदि के संबंध में तथा आडिट केवल वार्षिक आधार पर किया जाए आदि मांगों को लेकर एक ज्ञापन शीघ्र ही बीएसए को दिया जाएगा। शीघ्र ही इन समस्याओं का निराकरण जाएगा। इस मौके पर हरिशंकर पांडेय, विपिन सिंह, गजेंद्र प्रताप सिंह, लक्ष्मी देवी, बृजेश अवस्थी, ललित शुक्ला, पंकज त्रिपाठी, अंतरयामी वाजपेई, अमित पांडेय, अनंतराम पांडेय, जुबेदा बेगम, मोरध्वज सिंह आदि मौजूद रहे।