हरदोई। बिना अनुमति के जिला मुख्यालय छोड़कर जाने के कारण एसपी ने सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मी को निलंबित कर दिया है। मामले की विस्तृत जांच सीओ लाइन को सौंपी है।
पुलिस लाइन में तैनात सशस्त्र पुलिस के सिपाही दिनेश कुमार की तैनाती पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन की सुरक्षा में थी। रविवार को एसपी ने अपने सुरक्षा कर्मियों, स्कॉर्ट में रहने वाले पुलिस कर्मियों व कुछ अन्य कर्मचारियों को बुलाया था। इस दौरान स्कॉर्ट में शामिल रहने वाले दिनेश कुमार वहां नजर नहीं आए, तो एसपी ने उनके बारे में पूछा।
विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक मौके पर मौजूद एक अन्य पुलिस कर्मी ने दिनेश कुमार के गैर जनपद (बरेली) आवश्यक कार्य से जाने की बात एसपी से कही। इस पर एसपी ने सवाल किया कि क्या अनुमति या अवकाश लेकर गए हैं, तो मौके पर मौजूद सभी पुलिस कर्मियों ने चुप्पी साध ली। इसके कुछ देर बाद ही एसपी ने सुधीर कुमार के निलंबन का आदेश जारी कर दिया। लापरवाही बरतने और अनुशासनहीनता के आरोप में दिनेश कुमार को निलंबित किया गया है। मामले की विस्तृत जांच सीओ लाइन अंकित मिश्रा को सौंपी गई है।
एसपी नीरज जादौन ने जनपद में 14 जुलाई की रात कार्यभार संभाला था। कार्यभार संभालने के बाद ही उन्होंने पुलिस कर्मियों को अपनी प्राथमिकताएं बता दी थीं। साथ ही शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई किए जाने की बात भी कही थी। सात दिन के अंदर ही पुलिस अधीक्षक ने तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। बीते शुक्रवार को भी एसपी ने एक दरोेगा समेत दो पुलिस कर्मियों को निलंबित किया था।