हरदोई। एसपी अनुराग वत्स ने रविवार रात पुलिस लाइन में सभी थाना और कोतवाली प्रभारियों के साथ बैठक की। एसपी ने कहा कि किसी भी अधिकारी व कर्मचारी के विरुद्ध भ्रष्टाचार की शिकायत मिली तो अधिकतम दंड दिया जाएगा। किसी भी दबाव में कार्य करने की आवश्यकता नहीं है।
पहली बैठक में एसपी अनुराग वत्स ने न सिर्फ अपनी प्राथमिकताएं बताईं, बल्कि मातहतों को ये संदेश भी दिया कि सिफारिशों के दम पर अब थाने और कोतवाली के चार्ज नहीं मिलेंगे।
प्रदर्शन के आधार पर फैसले होंगे। एसपी ने कहा कि जनसुनवाई के लिए सभी थाने और कोतवाली के प्रभारी सुबह साढ़े नौ बजे से दोपहर दो बजे तक थाने और कोतवाली में मौजूद रहेंगे। फरियादियों की शिकायतों का निस्तारण कराया जाए। एसपी ने महिला अपराधों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। भूमि विवादों का निस्तारण लेखपाल और राजस्व टीम के साथ ही कराने के निर्देश दिए। डिजिटल वालंटियर ग्रुप और अधिक सक्रिय करने को कहा। टॉप टेन अपराधियों और हत्या, लूट डकैती, चोरी के अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। कच्ची शराब, सट्टा, जुआ पर सख्ती से रोक लगाने की बात एसपी ने कही है।
जातिगत भावनाओं को त्यागकर करें कार्य
एसपी अनुराग वत्स ने बैठक के दौरान कहा कि सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी जातिगत भावनाओं को त्यागकर जनता के हितों के लिए कार्य करें। उन्होंने कहा कि सही व्यक्ति की मदद करना प्राथमिकता होनी चाहिए।
जनप्रतिनिधि, पत्रकार, अधिवक्ता के साथ करें अच्छा व्यवहार
जनप्रतिनिधि, पत्रकार, अधिवक्ता के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। अगर किसी भी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी ने गलत व्यवहार किया तो कार्रवाई होगी।