हरदोई। सीयूजी मोबाइल पर अवैध खनन की शिकायत मिलने पर पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने रविवार देर रात बेहटागोकुल थाना क्षेत्र के हूंसेपुर करमाया में छापा मारा। कार की लाइटें बंद कर सीओ सिटी अंकित मिश्रा के साथ मौके पर पहुंचे एसपी ने बाइक सवार दो युवकों को पकड़ लिया।
इनमें से एक युवक ने एसपी को नाम बदलकर बरगलाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। दो सगे भाइयों के खिलाफ खनन अधिकारी की तहरीर पर अवैध खनन का मामला दर्ज किया गया है। बेहटागोकुल थाना क्षेत्र के हूंसेपुर करमाया से शिरोमननगर के बीच लगातार मिट्टी के अवैध खनन की शिकायत मिल रही थी। रविवार रात किसी ने एसपी के मोबाइल पर कॉल कर सूचना दी। इस पर एसपी मौके पर पहुंच गए। उनके पहुंचने से पहले ही अवैध खनन से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां मौके से जा चुकी थीं, लेकिन खनन करा रहे हूंसेपुर करमाया निवासी शोएब, उसका भाई मिल गया।
एसपी ने इन लोगों से नाम पूछा तो एक ने शोएब, जबकि भाई ने खुद का नाम रोहित बताया। इस पर एसपी ने दोनों को थाने भेज दिया। थाने में पता चला कि शोएब के साथ उसका सगा भाई आमिर था और एसपी को गलत जानकारी दी थी। प्रभारी निरीक्षक इंद्रेश यादव ने बताया कि खनन अधिकारी की तहरीर पर दोनों भाइयों के खिलाफ अवैध खनन का मामला दर्ज किया गया है।