शाहाबाद। शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र की बसपा यूनिट ने बगावत कर दी है। यूनिट के ज्यादातर पदाधिकारियों ने पूर्व विधायक बब्बू के समर्थन में इस्तीफा दे दिया है। इन कार्यकर्ताओं ने नेतृत्व पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है।
शाहाबाद नगर पालिका अध्यक्ष और पूर्व विधायक आसिफ खान बब्बू को पिछले महीने पार्टी नेतृत्व ने बसपा से निकाल दिया था। पिछले सप्ताह अपने आवास पर समर्थकों की बैठक कर बब्बू ने ताकत दिखाई थी और निर्दलीय चुनाव लड़ने का संकेत दिया था।
बब्बू के आवास पर हुई मीटिंग के बाद शाहाबाद विधानसभा की बसपा यूनिट में भूचाल आ गया। शुक्रवार को विधानसभा यूनिट अध्यक्ष सहित कई पदाधिकारियों ने अपने इस्तीफे जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश गौतम को भेज दिए।
शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष अहिवरन लाल ने आरोप लगाया कि पार्टी पैसे की खातिर जमीनी कार्यकर्ताओं की आस्था को नीलाम कर रही हैं। निष्ठावान और कैडर के कार्यकर्ताओं को निकाला जा रहा है। इस कारण हम लोग इस्तीफा दे रहे हैं।
अहिवरन लाल ने बताया कि उनके साथ डॉ. मोहम्मद हुसैन, अरुण कुमार, धीरू सिंह , बाबू अली, अरविंद राजवंसी, ब्रजलाल कठेरिया, रामचन्द्र कुशवाह, शिवप्रसाद ,अयाज खान, बाली खान, दिनेश मिश्र, रामसरन राजपूत, रमेश चन्द्र, शेरसिंह लोधी, बाबुराम, प्रेमकुमार, हरुनबेग, अजहर हुसेन, कृष्णपाल गौतम, रामनाथ गौतम आदि ने जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश गौतम को इस्तीफे भेज दिए हैं।
इस्तीफा देेने वालों ने पूर्व विधायक बब्बू का साथ देने की बात कही है। बसपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश गौतम ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष अहिवरन लाल को पार्टी से निकाल दिया गया है। अरुण कुमार को विधानसभा क्षेत्र का नया अध्यक्ष बनाया गया है।