हरदोई। मंगलवार को पारा 40 के पार पहुंच गया। गर्मी लगातार बढ़ रही है। दोपहर के वक्त सड़कों पर एक्का-दुक्का लोग ही नजर आए। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि बुधवार को पारा और चढ़ेगा।
सोमवार की तरह ही मंगलवार को भी सूरज के निकलते ही लोगों को उसकी तपिश का एहसास होने लगा। कुछ ही घंटों बाद सूरज की तपिश लोगों के लिए बिलबिलाने वाली हो गई। दोपहर को सड़कों पर निकलने वाले राहगीरों को धूप से बचने के लिए जतन करके ही निकलने को विवश होना पड़ा। बंदी के दिन जो अपने आवश्यक कार्यों से बाहर निकले वह भी धूप से बचाव में गमछा या दुपट्टा डालकर और चश्मे या छाते का प्रयोग करके ही निकले।
मौसम वैज्ञानिक रमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि सोमवार की अपेक्षा मंगलवार को अधिकतम पारा एक डिग्री और ऊपर आ गया। मंगलवार को अधिकतम पारा 41 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री रिकार्ड किया गया। उन्होंने संभावना जताई कि बुधवार को भी मौसम के तेवर और कड़े नजर आएंगे। पारा 42 डिग्री पार होने के आसार हैं।