हरदोई। डीएम विवेक वार्ष्णेय ने रविवार को सांडी पक्षी विहार दहर झील का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सांडी पक्षी विहार के दिन बहुरेंगे। पूर्व की भांति यहां पक्षी आएंगे जिससे पर्यटन बढ़ेगा। अधिशासी अभियंता नलकूप को निर्देश दिए कि दहर झील भरने के लिए गर्रा नदी के पास चैंबर बनाकर पाइप लाइन से पानी भरने के लिए प्रोजेक्ट बनाकर मंगलवार तक प्रस्तुत करें।
उन्होंने अधिशासी अभियंता शारदा नहर व वन विभाग के अधिकारियों को सहयोग करने को कहा। डीएम ने कहा कि गर्रा नदी से दहर झील तक अंडर ग्राउंड पाइप लाइन चकरोड पर डाली जाएगी। जिससे किसानों को कोई नुकसान नहीं होगा। अधिशासी अभियंता नलकूप ने बताया कि पक्षी विहार का कुल क्षेत्रफल 308 हेक्टेयर है जिससे 215 हेक्टेयर झील में 40 क्यूसेक पानी प्रतिदिन भरा जाएगा। इस तरह चार पाइपों के माध्यम से झील को भरने में लगभग तीन माह लगेगा। निरीक्षण के समय एडीएम लक्ष्मीशंकर सिंह, एसडीएम बिलग्राम पीपी तिवारी आदि रहे।