बेहंदर (हरदोई)। संडीला-बांगरमऊ मार्ग पर रविवार की रात शादी समारोह से वापस आ रहे बाइक सवार पिता-पुत्र को वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में पुत्र की मौत हो गई। पिता गंभीर रूप से घायल हैं।
उन्नाव जिले के बेहटा मुजाबर थाना क्षेत्र के सादीपुर गांव निवासी अनिल (45) बेटे संतोष (15) के साथ बाइक से कासिमपुर थाना क्षेत्र सिंधवल मलिहाबाद में एक शादी में गए थे। रात लगभग डेढ़ बजे बाइक से पिता-पुत्र वापस गांव जा रहे थे। उन्नाव जनपद के बेहटा मुजाबर थाना क्षेत्र में संचानकोट गांव के पास किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना में घायल पिता पुत्र को पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेहंदर पहुंचाया। यहां संतोष को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि अनिल का इलाज चल रहा है।
थानाध्यक्ष घनश्याम राम ने बताया कि घटनास्थल उन्नाव जनपद में है। सीएचसी प्रशासन की सूचना पर शव कब्जे में लिया गया हैं। संडीला में पोस्टमार्टम कराया गया है।