हरदोई। ऑनलाइन हाजिरी के विरोध सोमवार को ग्राम पंचायत अधिकारी-ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। सभी विकास खंड मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन के साथ ही समन्वय समिति के पदाधिकारियों ने जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार को ज्ञापन सौंपा। पदाधिकारियों ने 15 दिन तक सांकेतिक विरोध प्रदर्शन और 15 दिसंबर को ऑनलाइन भुगतान प्रक्रिया पूरी न किए जाने की चेतावनी दी है।
राज्य समन्वय समिति के आह्वान पर पंचायत सचिव अपने-अपने तैनाती विकास खंड कार्यालय पर एकत्रित हुए। वहां पर ऑनलाइन हाजिरी का विरोध जताया। खंड विकास अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे। समन्वय समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि चार दिसंबर तक काली पट्टी बांध कर शासकीय काम करेंगे। पांच दिसंबर को जनपद मुख्यालय पर सभी सचिव धरना-प्रदर्शन करेंगे। विभागीय व्हाट्सएप ग्रुपों को छोड़ देंगे। 10 दिसंबर को सभी सचिव अपने निजी वाहनों का प्रयोग बंद कर भत्ते के अनुसार वाहन का प्रयोग करेंगे। 15 दिसंबर को डीएससी एडीओ को सौंप देंगे, फिर अगर मांगे ना पूरी हुई तो अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में राजवीर सिंह, शिवओम त्रिपाठी, अमरेश पांडेय, रामकिशोर, संतोष कुमार आदि पंचायत सचिव शामिल रहे।