हरदोई। आपसी भाईचारे और सौहार्द के लिए मशहूर शहर में कुछ लोगों ने माहौल खराब करने का प्रयास किया। ज्ञापन के बाद जुलूस में कुछ लोगों ने तेजी से नारेबाजी शुरू कर दी। इससे पुलिस अधीक्षक को लगा कि कहीं दो समुदायों में टकराव न हो जाए। इस पर उन्होंने आगे आकर स्थिति को काबू में किया। जुलूस में शामिल उलमा व अन्य संगठनों के लोगों ने भी लोगों को समझाकर नारेबाजी से रोका।
जुलूस में लोग हाथों मेें तख्ती और चप्पल लेकर चल रहे थे। उनके नारेबाजी और हंगामा करने से माहौल खराब हो रहा था। उनके नारेबाजी के कारण कुछ युवा तोड़फोड़ करने तक के लिए तैयार हो रहे थे। ज्ञापन के बाद अफसरों को लगा कि लोग अब यहां से घरों को चले जाएंगे लेकिन जुलूस निकालने पर हालात बिगड़ने की आशंका हो गई।
नुमाइश चौराहे पर भीड़ के पहुंचने और माहौल बिगड़ता देख पुलिस को तेवर दिखाने पड़े। पुलिस को लाठियां चटकानी पड़ी। भीड़ के तेवर देख एक सिपाही ने तो कारबाइन की तान दी। एसपी और एएसपी ने सूझबूझ का परिचय देकर शांतिपूर्वक जुलूस को खत्म करा दिया। एलआईयू प्रभारी हारून रशीद भी हालात पर नजर रखे गए।