हरदोई। हिंदू महासभा के कार्यकारी अध्यक्ष कमलेश तिवारी के पैगंबर-ए-इस्लाम के खिलाफ दिए बयान से मुस्लिम भड़क गए। जुमे की नमाज के बाद कई मस्जिदों के लोगों ने इकट्ठा होकर जुलूस निकाला। अुंजमन इस्लामिया से निकले जुलूस से पूरी सड़क पर टोपी लगाए लोग ही नजर आ रहे थे।
कुछ लोग हाथों में नारे लिखी तख्तियां लेकर अपने गुस्से का इजहार कर रहे थे। भीड़ को देखते हुए एसपी और एएसपी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। अफसरों ने जुलूस पर आपत्ति जताई तो लोग उग्र होने लगे। इस पर पुलिस ने लाठियां पटकर भीड़ को हटाया।
हिंदू महासभा के कार्यकारी अध्यक्ष कमलेश तिवारी की ओर से आपत्तिजनक बयान देने के खिलाफ अंजुमन इस्लामियां की ओर से शुक्रवार को नमाज के बाद जुलूस निकला। अंजुमन इस्लामियां के सदर खालिद और सचिव की ओर से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर पप्पू गुप्ता व सीओ सिटी राम लाल राय को सौंपा।
इसमें कमलेश तिवारी के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा चलाने व हिंदू महासभा पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। ज्ञापन लेने के बाद अफसर हटे तो कुछ लोग हाथों में तख्ती लेकर नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में निकल पड़े। जुलूस मुन्ने मियां चौराहे से बड़ा चौराहा होते हुए नुमाइश चौराहा की ओर गया। इस पर पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार सिंह, एएसपी बीसी दुबे समेत कई थानों का फोर्स नुमाइश चौराहा पर पहुंच गया।
एसपी ने जुलूस में शामिल लोगों को समझा बुझाकर वापस जाने को कहा। इस पर जुलूस में शामिल कुछ लोग नारे लगाकर आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे। माहौल बिगड़ते देख पुलिस ने लाठियां पटकर कर भीड़ को हटाया। एक पुलिसकर्मी ने तो कारबाइन से पोजीशन ले ली। शहर में करीब एक घंटा तक माहौल तनाव पूर्ण रहा। एसपी ने एहतियात के तौर पर प्रमुख चौराहों और मार्गों पर पुलिस बल के साथ गश्त किया।