फोटो-4-नवनिर्वाचित अध्यक्ष रामेंद्र सिंह तोमर को शपथ दिलाते जिला जज संजीव शुक्ला। संवाद
फोटो-5-शपथ लेते कार्यकारिणी के पदाधिकारी। संवाद
फोटो-6- शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद अधिवक्ता। संवाद
- बार एसोसिएशन की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह
- नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने कहा कि उनके पिछले कार्यकाल में बहुत हड़ताल हुई थीं
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। बार एसोसिएशन की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह बृहस्पतिवार को हुआ। समारोह में नवनिर्वाचित अध्यक्ष रामेंद्र सिंह तोमर ने अपने पिछले कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि बहुत झगड़े और हड़ताल हुई थीं। इसका जवाब समारोह के मुख्य अतिथि जिला जज संजीव शुक्ला ने अपने संबोधन के दौरान दिया। कहा कि किसी भी समस्या का हल बैठकर बातचीत करने से होता है। हड़ताल और झगड़ा करने से कोई समाधान नहीं निकलता।
सरदार वल्लभ भाई पटेल प्रांगण (बार एसोसिएशन परिसर) में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में नवनिर्वाचित अध्यक्ष रामेंद्र सिंह तोमर को जिला जज संजीव शुक्ला ने शपथ दिलाई। इसके बाद रामेंद्र सिंह तोमर ने कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण कराई।
संबोधन में रामेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि पिछली कार्यकारिणी के दौरान कोई हड़ताल या झगड़ा जैसी स्थिति नहीं आई। उनके पिछले कार्यकाल में कई बार हड़ताल भी हुई और झगड़ा भी। अधिवक्ताओं को उम्मीद है कि उनका यह कार्यकाल भी हड़ताल और झगड़े में निकलेगा, लेकिन प्रयास है कि न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठकर बातचीत से ही सारे मसले हल किए जाएं।
अगर अधिवक्ता कोई गलती कर रहा है तो बार एसोसिएशन को बताएं। उसका भी हल निकलेगा। इसके बाद जिला जज संजीव शुक्ला ने कहा कि हड़ताल और झगड़े से किसी बात का कोई हल नहीं निकलता। हर समस्या का हल बातचीत से ही निकलता है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि पटना सीबीआई कोर्ट के जज अविनाश पांडेय ने अधिवक्ताओं को न्यायिक प्रक्रिया की जड़ बताया। कहा कि जड़ जितनी मजबूत होगी उतने ही फल और फूल आएंगे।
बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के सदस्य प्रशांत सिंह अटल ने कहा की ज्योतिषी, चिकित्सक व अधिवक्ता अगर ज्ञानी नहीं है तो इससे बड़ा कोई अपराध नहीं है।अधिवक्ता को ज्यादा से ज्यादा पढ़ना चाहिए। बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के सदस्य हरिशंकर सिंह ने पदाधिकारीयों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अधिवक्ताओं का सब कुछ कचहरी ही होता है। इसीलिए उनको पूरे मनोयोग से व एकता के साथ कचहरी में काम करना चाहिए।
एसपी नीरज जादौन ने कहा कि हर व्यक्ति को अपने भविष्य के बारे में सोचना चाहिए बेहतर और अच्छे कार्यो से स्वर्णिम भविष्य का सृजन किया सा सकता है।
इनसेट
हर तरफ से परेशान व्यक्ति का सहारा बनते हैं वकील..राजनी तिवारी
समारोह में उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि चारों ओर से जब व्यक्ति परेशान होता है तो अधिवक्ता के पास आता है। अधिवक्ता इसका सहारा बनता है। अधिवक्ताओं को सच बोलने की शपथ दिलाई गई इससे यह प्रतीत होता है कि सच में अब राम राज्य आ गया है। अधिवक्ताओं के कारण ही देश की पहचान है। आजादी से लेकर आज तक अधिवक्ताओं की समाज में एक अहम भूमिका रही है। बीजेपी जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने कहा कि अधिवक्ता शोषित वंचित लोगों की मदद करता है। हर जगह से निराश व्यक्ति अधिवक्ता की तरफ आशा भरी नजरों से देखा है।
इनसेट
ऐसे अफसर हर जिले में हों तो हर समस्या का हल हो जाए : जिला जज
जिला जज संजीव शुक्ला ने कहा कि समारोह में हर वक्ता ने पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन की कार्यशैली की सराहना की है। उन्होंने कहा कि अभी मेरा यहां कार्यकाल काफी कम समय का हुआ है, लेकिन अब तक एसपी की कार्यशैली की हर जगह तारीफ ही सुनी है। उन्होंने कहा कि नीरज कुमार जादौन जैसे अधिकारी अगर हर जिले में हों तो हर समस्या का हल हो जाए।