हरदोई। पंचायत राज विभाग में शौचालय निर्माण में गबन का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि अब सोलर लाइटों में घोटाले का मामला प्रकाश में आया है। विकास खंड भरावन में राज्य वित्त की धनराशि से सोलर लाइटों को खरीद कर अपात्रों को वितरित करने की शिकायत की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने जांच के निर्देश जिला पंचायत राज अधिकारी को दिए हैं।
जनपद में वित्तीय वर्ष 12-13 और 13-14 के निर्मित कराए गए शौचालय में गबन के मामले में प्रधान और सचिवाें पर एफआईआर दर्ज कराई गई। शौचालय निर्माण में गबन को लेकर अभी मामला पूरी तरह से थमा भी नहीं था कि अब सोलर लाइटों में अनियमितता का मामला सामने आया है। वित्तीय वर्ष 2010-11 में सोलर लाइटाें को राज्य वित्त की धनराशि से खरीद कर अपात्रों को वितरित करने के आरोप लगे हैं। विकास खंड भरावन में करीब 79 सोलर लाइटों की खरीद राज्य वित्त आयोग से मिली धनराशि से की गई।
इसमें भी बताया गया कि सोलर लाइटों को अपात्रों में वितरित कर दिया गया। गौरतलब हो कि इस मामले में शिकायत शासन को की गई, जिस पर विशेष सचिव ने जनपद को पत्र भेजकर मामले की जांच कराने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार गुप्ता ने अब इस मामले में जिला पंचायत राज अधिकारी भास्कर दत्त पांडेय से पहले तो यह पूछा है कि राज्य वित्त आयोग से सोलर लाइटों को खरीदा भी जा सकता है या नहीं। साथ ही आदेश दिया है कि यदि राज्य वित्त आयोग से सोलर लाइट नहीं खरीदी जा सकती हैं, इस संबंध में सीडीओ ने जांच कर तीन दिन में रिपोर्ट मांगी है। जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि मामला पुराना है। अभिलेखों की जांच कर रिपोर्ट भेजी जाएगी।