फोटो- 30- इमारत की छत पर लगे सोलर पैनल। संवाद
हरदोई। लगातार बढ़ते बिजली बिल से राहत के बीच सोलर एनर्जी का कारोबार तेजी से रफ्तार पकड़ रहा है। अब सिर्फ बड़े उद्योग ही नहीं बल्कि आम घरों, दुकानों, स्कूलों और छोटे प्रतिष्ठानों में भी सोलर पैनल लगवाने की मांग बढ़ रही है। लोग आगे बढ़कर सोलर पैनल लगवा रहे हैं जिसमें सरकार से मिल रही सब्सिडी भी काफी राहत दे रही है।
महंगे बिजली बिल और ऊर्जा बचाव के बीच सोलर एनर्जी बेहतर विकल्प बनकर उभरा है। वैसे तो जिले में करीब 20 हजार उपभोक्ताओं के घर और प्रतिष्ठानों में सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य है और अभी तक करीब 5,855 उपभोक्ताओं के घर पर सोलर पैनल लग गए हैं। जिले में पैनल लगाने वाली एजेंसियों के संचालक अंकित अवस्थी के अनुसार एक वर्ष की तुलना में इस साल मांग में 35 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की गई है। खासकर दो से पांच किलोवाट क्षमता वाले रूफ टॉप सोलर प्लांट की सबसे अधिक मांग है।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी ने भी लोगों का ध्यान खींचा है। एजेंसी मालिक अमित अग्निहोत्री ने बताया कि एक किलोवाट के सोलर पैनल की कीमत 65 से 70 हजार रुपये, दो किलोवाट 1.20 से 1.30 लाख रुपये, तीन किलोवाट 1.60 से 1.80 लाख रुपये और पांच किलोवाट 2.70 से 2.90 लाख रुपये है। इसमें 45 हजार, 90 हजार और 1.08 लाख रुपये सब्सिडी मिलती है।
31 मार्च 2027 में समाप्त हो जाएगी सब्सिडी
अभी तक सरकार ने 5,855 उपभोक्ताओं को करीब 3830.70 लाख रुपये की सब्सिडी दी है। हालांकि सरकार ने सब्सिडी समाप्त करने की एक समयसीमा भी निर्धारित की है। विक्रेताओं के अनुसार 31 मार्च 2027 तक सब्सिडी बंद कर दी जाएगी।
फोटो- 30- इमारत की छत पर लगे सोलर पैनल। संवाद
फोटो- 30- इमारत की छत पर लगे सोलर पैनल। संवाद