फोटो-15-बाबा विश्वनाथ मंदिर के पास बैंक आफ बड़ौदा के बाहर लगी महिलाओं की लाइन। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। मंगलवार को बैंकों के बाहर सोशल डिस्टेंसिंग टूटती दिखी। कहीं बैंक के बाहर धूप में खड़ी महिलाओं ने अपनी चप्पलों को सोशल डिस्टेंसिंग के लिए बनाए गए गोलों में रख दिया और खुद छांव में जाकर बैंक खुलने का इंतजार करने लगीं। तो कहीं लाइन में सटकर खड़े ग्राहक दिखे। ये देखकर बैंककर्मियों ने यही कहा कि ऐसे कैसे कोरोना से जंग जीत सकेंगे।
मंगलवार सुबह नौ बजे ही बड़ा चौराहा स्थित पंजाब नेशनल बैंक के बाहर लोगों ने लाइन लगाना शुरू कर दिया। धूप बढ़ने से पहले तो लोग गोले में नजर आए लेकिन जैसे-जैसे धूप चढ़ी लोग गोले छोड़कर उसमें अपनी चप्पलें रखकर छांव तलाशने लगे। सुबह 10 बजे आए बैंक कर्मियों ने ग्राहकों को समझाया।
बाबा विश्वनाथ मंदिर के पास बैंक आफ बड़ौदा के बाहर एक के पीछे एक खड़े लोग अपनी बारी का इंतजार करते रहे। गेट पर भी काफी भीड़ रही। बैंक कर्मियों ने कई बार लोगों को समझाने का प्रयास किया।
फोटो-22- सिनेमा चौराहे के निकट हरदोई कोआपरेटिव बैंक के मोबाइल एटीएम से पैसे निकालते लोग। संवाद
मोबाइल एटीएम दे रहा साथ
लॉकडाउन के दौरान कुछ दिन से शहर में लगे एटीएम खाली पड़े हैं। ऐसे में कोआपरेटिव बैंक का मोबाइल एटीएम लोगों के लिए राहत लेकर आया है। शहर के कई मार्गों व चौराहों पर जगह-जगह मोबाइल एटीएम से लोग पैसे निकाल रहे हैं।