बूथों पर होगा रेड कारपेट वेलकम
- फोटो : प्रतीकात्मक
हरदोई। 19 फरवरी को होने वाले मतदान को पर्व की भांति मनाने एवं मतदाताओं को बूथों की ओर आकर्षित करने के लिए आयोग ने आदर्श बूथ बनाने के निर्देश दिए हैं। आदर्श बूथों को मतदान के दिन न सिर्फ फूलों व गुब्बारों से सजाया जाएगा, बल्कि युवा मतदाताओं को लुभाने के लिए परिसर में एक सेल्फी प्वाइंट भी बनाया जाएगा।
आयोग की ओर से जिला निर्वाचन अधिकारी को भेजे निर्देशों में बताया गया कि जिले में 28 लाख वोटरों को मतदान के लिए 3005 बूथ बनाए गए हैं। आयोग ने इन सभी बूथों पर मतदाताओं की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए पानी, बिजली, सड़क व छांव आदि की व्यवस्था करने के निर्देश पहले ही दिए हैं।
इसके साथ ही कुछ चुनिंदा बूथों को आदर्श बूथों का दर्जा देकर उन्हें इस तरह से सुसज्जित करना है, ताकि हर मतदाता इस तरफ आने और अंदर की व्यवस्थाओं को देखने के लिए लालायित हो। जिले में कम से कम दो दर्जन से अधिक बूथों को आदर्श बूथों की श्रेणी में लाकर उनको तैयार करने के आदेश आयोग ने दिए हैं।
आयोग ने कहा है कि आदर्श बूथों पर मतदाताओं के बैठने की अच्छी व्यवस्था हो और बूथ को अंदर से लेकर बाहर तक गुब्बारों आदि से सजाया जाए। इसके अलावा युवा मतदाताआें को आकर्षित करने के लिए मतदान केंद्र के परिसर में सेल्फी प्वाइंट भी बनाया जा सकता है।
इस संबंध में सहायक निर्वाचन अधिकारी श्याम लाल ने बताया कि निर्देश प्राप्त हुए हैं। आदर्श बूथ इस बार भी तैयार किए जाएंगे। जिले में कोशिश की जाएगी कि आयोग की मंशा के अनुरूप बूथ तैयार हों। उन्होंने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी के माध्यम से सभी एसडीएम को आदर्श बूथ तैयार करने के लिए निर्देशित किया जाएगा।