ट्रैक्टर ट्राली से टकराकर बेकाबू हुई कार ने धूप सेंक रहे छह लोगों को रौंद दिया। इससे दो की मौत हो गई। छह अन्य घायल हो गए। घायलों को यहां के अस्पताल से लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। यह दर्दनाक हादसा शनिवार सुबह मल्लावां कोतवाली क्षेत्र में बिल्हौर-कटरा मार्ग पर हुआ। गुस्साए लोगों ने जाम लगाने की कोशिश की। इन्हें सीओ ने समझा-बुझाकर शांत कर दिया।
मल्लावां नगर के मोहल्ला भगवंत नगर निवासी सतीश अपने परिजनों और आसपास के लोगों के साथ शनिवार सुबह सवा सात बजे सड़क किनारे नाले के उस पार धूप सेंक रहे थे। छोटे चौराहे के निकट एक ट्रैक्टर चालक ने अचानक गाड़ी मोड़ दी। इससे कानपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार सेंट्रो कार उससे टकरा गई और अनियंत्रित होकर नाले के किनारे बैठे लोगों पर जा चढ़ी।
इस दुर्घटना में सतीश (35) पुत्र राम विलास, उनकी पुत्री अंजली (10), पुत्र उत्तम (8), गौतम (5) और पड़ोसी अमर सिंह उर्फ झब्बू (30) पुत्र मोहन लाल, दिनेश (40) पुत्र शंकर लाल घायल हो गए। मौके पर आए कोतवाल अशोक तिवारी ने एंबुलेंस के जरिए घायलों को स्वास्थ्य केंद्र भेजा। यहां चिकित्सक ने अंजली और अमर सिंह को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। घटना से गुस्साए लोग बिल्हौर-कटरा हाईवे पर जाम लगाने लगे, तभी आए सीओ बिलग्राम बलवंत चौधरी ने स्पीड ब्रेकर जल्द बनवाने का आश्वासन देकर उन्हें शांत कर दिया।
कार चालक सचिन कुमार कानपुर से हल्द्वानी जा रहे थे। उनके साथ उनकी पत्नी (19), पुत्र कपिल (5) और पुत्री अर्पिता भी थे, जो हादसे में बाल-बाल बचे। पुलिस ने सचिन को हिरासत में ले लिया है। ट्रैक्टर चालक भाग निकला। ट्रैक्टर, ग्राम कुतुवापुर निवासी पूर्व प्रधान चंद्रिका प्रसाद का बताया जा रहा है। दोनों वाहन पुलिस के कब्जे में हैं। सीओ बलवंत चौधरी ने बताया कि वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।