हरदोई। सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार शाम किसान से हुई बाइक और मोबाइल की लूट का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। घटना को अंतरजनपदीय लुटेरों ने अंजाम दिया था। शाहजहांपुर हरदोई और बाराबंकी के छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से चार बाइक, एक मोबाइल, पांच तमंचे और सात कारतूस बरामद हुए हैं।
सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र के नगरा प्रहलादपुर निवासी श्याम मोहन सिंह किसान हैं। रविवार शाम वह पाली से अपने गांव बाइक से जा रहे थे। पाली नकटौरा नहर मार्ग पर सरॉय राघौ गांव के पास बाइक सवार चार लुटेरों ने उनसे बाइक और मोबाइल लूट लिया था। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज की थी।
अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी एमपी सिंह की निगरानी में अलग अलग टीमें घटना का खुलासा करने के लिए लगाई गई थीं। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सोमवार को वाहनों की जांच का अभियान सवायजपुर कोतवाली पुलिस चला रही थी। इसी दौरान पुलिस ने देहात कोतवाली क्षेत्र के मेंडुआ निवासी संदीप और शिवेंद्र, मझिला थाना क्षेत्र के चठिया पुल निवासी अवनीश, शाहजहांपुर जनपद के सेहरामऊ दक्षिणी के ददऊ निवासी विवेक कुमार, बाराबंकी जनपद के कुर्सी थाना क्षेत्र के घरसेंदा निवासी अमित और रवि को गिरफ्तार किया है।
एएसपी का दावा है कि बरामद हुई एक बाइक यशम मोहन की है। तीन अन्य बाइकों में से एक हरियाणा के सोनीपत से लूटी गई थी। बाकी बाइकों के बारे में पता किया जा रहा है। खुलासा करने वाली टीम में सवायजपुर थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार, दरोगा शिव शंकर मिश्रा, रामशरण सिंह, राघवेंद्र भूषण, विवेक कुमार, दीवान मनोज यादव, सिपाही यशवंत, मुनेंद्र, आशुतोष गुप्ता और अंकित वर्मा शामिल हैं।