फोटो 32: दिव्यांग दंपती मनोज व चंपा। संवाद
सवायजपुर। साहब! चकरोड पर साल भर से कब्जा है, खेतों तक जाने में दिक्कतें होती हैं। बहरौली के मजरा अरहुली निवासी कुरेंद्र पाल ने जिलाधिकारी अनुनय झा को शिकायती पत्र देते हुए अपनी पीड़ा बताई। बताया कि एक साल से चकरोड पर कब्जा है। हटवाने के लिए कई बार से तहसील आ रहे हैं लेकिन अभी तक तहसील की तरफ से कब्जा नहीं हटवाया गया है। इससे किसानों को खेतों तक जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस की जिलाधिकारी ने अध्यक्षता की। लोगों की शिकायतों को सुना और उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश भी दिए। परचौली निवासी दिव्यांग दंपती चंपा और मनोज ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र दिया। मनोज ने बताया कि हादसे में उसका एक हाथ कट गया, पत्नी पैरों से दिव्यांग हैं। एक साल पहले ट्राई साइकिल मंजूर हुई और तहसील तक साइकिल आई थी। वितरण वाले दिन वह बाहर था और उसके बाद से ट्राई साइकिल नहीं मिल सकी। एक साल से ट्राई साइकिल पाने के लिए दौड़भाग कर रहा है। अधिकारी सिर्फ आश्वासन दे देते हैं।
जिलाधिकारी ने दोनों शिकायतों काे गंभीरता से लिया और संबंधित अधिकारियों से समाधान कर रिपोर्ट देने को कहा। 77 शिकायतों को दर्ज किया गया और इसमें से छह का मौके पर ही समाधान कराया गया। एएसपी आलोक राज ने भी शिकायतें सुनीं। जिलाधिकारी ने एसडीएम को निर्देश दिए कि गांव के छोटे-छोटे विवादों का राजस्व और पुलिस टीम से समाधान कराया जाए। गैस एजेंसियों की नियमित निगरानी करें।
सीएमओ डॉ. भवनाथ पांडेय, पीडी अशोक कुमार मौर्य, डीडीएजी एसके पांडेय, डीएओ डॉ. सतीश पाठक, डीएसओ दिलीप कुमार, डीसीओ निधि गुप्ता, एसडीएम मयंक कुंडू, तहसीलदार विनोद कुमार मौजूद रहे।
फोटो 32: दिव्यांग दंपती मनोज व चंपा। संवाद