विकास खंड बिलग्राम से संबंधित ग्रामों से यदि जंगली
गायों से फसलों की सुरक्षा न की गई तो किसान आत्महत्या करने को विवश होंगे।
डीएम को ज्ञापन सौंपते हुए शुक्रवार को धरना प्रदर्शन पर बैठे ग्रामीणों
ने चेतावनी दी। कहा कि जंगली गायों की प्रकोप के चलते किसान भुखमरी की कगार
पर पहुंच गए हैं।
कलक्ट्रेट में चल रहे धरना प्रदर्शन पर बैठे
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए भारतीय किसान प्रगतिशील पार्टी अध्यक्ष राम
प्रकाश कठेरिया ने कहा कि विकास खंड बिलग्राम, सुरसा एवं सांडी के बीसों
गांवों में हजारों जंगली गायों का प्रकोप जारी है। इन गायों द्वारा न सिर्फ
फसलों को तबाह किया जा रहा, बल्कि किसानों को भी गंभीर चोटें
पहुंचाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत करने के बाद भी अधिकारिक
तौर पर कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे किसान अब प्रदर्शन करने को बाध्य
हुए हैं। किसानों ने कहा कि यदि अब जल्द इस ओर किसानों व उनकी फसलों को
जंगली गायों से निजात न दिलाई गई तो किसान अब आत्महत्या करने को विवश
होंगे।
इस दौरान किसानों ने नारेबाजी की तथा जिलाधिकारी रमेश मिश्र
को एक पांच सूत्रीय ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में उक्त के अलावा
जंगली जानवरों को वन विभाग द्वारा पकड़वाकर सुरक्षित स्थानों पर भिजवाने,
जंगली गायों द्वारा नष्ट की गई फसलों की क्षतिपूर्ति किसानों को दिलाने,
जंगली गायों से सुरक्षा के लिए पकड़वाकर गौशालाओं में भिजवाने का प्रबंध
कराने की मांगे भी शामिल हैं।