हरदोई। साहब ! उम्र 60 साल से अधिक हो गई है, अभी तक न तो वृद्धावस्था पेंशन योजना और न ही पीएम किसान सम्मान निधि मिली है। बदौली निवासी ब्रजराज ने डीएम को दिए शिकायती पत्र में अपनी पीड़ा बताई। गढि़या झब्बू निवासी लालता सिंह ने दिए शिकायती पत्र में बताया कि पशुचर की भूमि पर लोगों ने कब्जा कर रखा है जिससे ग्रामीणों को मवेशियाें को चराने तक में समस्या आ रही है। वहीं, संपूर्ण समाधान दिवस पर फरियादियों से लेकर अधिकारियों पर त्योहार के खुमार का असर दिखा।
सदर तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस की डीएम अनुनय झा ने अध्यक्षता की। उन्होंने शिकायतों को सुना और संबंधित अधिकारियों से त्वरित निराकरण के लिए कहा। गढि़या झब्बू निवासी लालता सिंह ने दिए शिकायती पत्र में कहा कि गांव में सरकारी भूमि के दो गाटा पशुचर भूमि के नाम से दर्ज हैं। पशुचर भूमि पर प्रधान ने अपने करीबी लोगों को कब्जा करवा रखा है।
वहीं, एक अन्य पशुचर भूमि पर एक व्यक्ति ने कब्जा कर मुर्गी-मुर्गा पालन शुरू कर दिया है। पशुचर की भूमि पर ही तालाब भी खोदवा दिया गया है जिससे गांव के लोगों को अपने मवेशियों को चराने के लिए सरकारी भूमि ही नहीं बची है। डीएम ने दोनों फरियादियों के साथ ही अन्य फरियादियों की शिकायतों को सुना। 60 साल से अधिक आयु और दिव्यांगजन के आने पर उनसे पेंशन और अन्य लाभों के मिलने की जानकारी भी डीएम लेते रहे।
उन्होंने भूमि पर कब्जा, पैमाइश और थाकबंदी के मामलों की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई न किए जाने पर नाराजगी जाहिर की। संबंधित लेखपाल को निलंबित किए जाने की चेतावनी दी और थाकबंदी के एक मामले में शाम तक ही रिपोर्ट तलब कर ली। वहीं, एक अन्य मामले में नायब तहसीलदार से स्वयं जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। एसडीएम से कहा कि तहसील के अधिकारियों-कर्मचारियों से आदेशों का कड़ाई से पालन कराएं फरियादियों को बार-बार न दौड़ना पड़े। एसपी एके मीणा, एसडीएम एसके मिश्रा, सीएमओ डॉ. भवनाथ पांडेय, सीओ सिटी अंकित मिश्रा, तहसीलदार संचिंद्र शुक्ला, डीएसटीओ डॉ. रामप्रकाश आदि अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो 19 : ब्रजराज। संवाद
फोटो 19 : ब्रजराज। संवाद