उत्तर प्रदेश सरकार की समाजवादी पेंशन योजना में बनाई
गई सूची में घालमेल करने का आरोप लगाकर बावन ब्लाक के महोलिया शिवपार के
ग्रामीणों ने सोमवार को कलक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन करते हुए
नारेबाजी की और एक ज्ञापन जिलाधिकारी रमेश मिश्रा को देकर जांच कराकर
पात्रों को सूची में जगह दिलाए जाने की मांग की।
मिली जानकारी के
अनुसार, महोलिया शिवपार के कलक्ट्रेट परिसर पहुंचे रेशमा, संगीता आदि ने
कलक्ट्रेट में धरने के दौरान बताया कि ग्राम पंचायत महोलिया शिवपार ब्लाक
बावन के फार्म समाजवादी पेंशन योजना में डाले गए थे, जो विधवा, विकलांग,
वृद्ध गरीब व्यक्ति हैं।
जो मुसलिम, अनुसूचित जाति के मजदूर तबके के लोग
हैं। उनको इस योजना से वंचित रखा गया है, जबकि जो लोग सामर्थ्यवान हैं,
उनको पात्रों की सूची मेें डालकर चयनित करके रखा गया है। ग्रामीणों का आरोप
है कि पात्रों की सूची में उनके नाम शामिल हैं, जिनके पास मोटरसाइकिल,
ट्रैक्टर व खेती सभी कुछ हैं।
ग्रामीणों ने इस दौरान जमकर नारेबाजी की
और डीएम रमेश मिश्र को एक ज्ञापन सौंपा। सौंपे गए ज्ञापन में किसी
जिलास्तरीय अधिकारी से पूरे प्रकरण की जांच कराकर अपात्रों को सूची से बाहर
किए जाने एवं पात्रों को सूची में जगह दिलाकर समाजवादी पेंशन योजना से
लाभान्वित कराए जाने की मांग की गई।
जिलाधिकारी ने जांच कराकर कार्रवाई
कराए जाने की बात कही है। इस मौके पर रेखा, बबिता, अनीता, राजरानी, लल्ली,
सुदामिनी, रामबली, नन्ही, गीता, आयशा और मुन्नी आदि मौजूद थेे।